ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
लोहरदगा, 02 अप्रैल (हि.स.)। कुडू थाना क्षेत्र के शंखनदी- लुकुईया मुख्य पथ पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद - बिक्री करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए युवकों के पास से पुलिस ने लगभग 19 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद किया है। दोनों आरोपितों को लोहरदगा जेल भेज दिया गया है। इस संबंध में एसडीपीओ श्रदा केरकेट्टा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सुचना मिली कि थाना क्षेत्र के शंखनदी - लुकुईया मुख्य पथ पर बाइक से अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के खरीद - बिक्री होने वाली है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ श्रदा केरकेट्टा के नेतृत्व में पुलिस छापामारी टीम का गठन किया गया। इसमें थाना प्रभारी अजीत कुमार अवर निरीक्षक वारिश हुसैन, रामप्रकाश यादव तथा बड़की चांपी पुलिस पिकेट के जवान शामिल थे।
पुलिस ने शंखनदी - लुकुईया मुख्य पथ पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया, इसी बीच एक टीवीएस राइडर बाइक सवार चंदवा की तरफ से आते नजर आए और पुलिस को देखते ही वापस लौटकर भागने लगे। पुलिस ने खदेड़ कर दोनों को पकड़ा और तलाशी के दौरान युवकों के पास से लगभग 19 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपितों में लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चंदवा थाना टोली निवासी मोहित कुमार और आयुश कुमार शामिल हैं। दंडाधिकारी सह सीओ संतोष उरांव की निगरानी में दोनों युवकों के पास से प्लास्टिक सहित बरामद ब्राउन शुगर का वजन कराया गया। इसमें प्लास्टिक सहित 19 ग्राम अवैध मादक पदार्थ पकड़ा गया। दोनों युवकों को लेकर पुलिस कुड़ू थाना पहुंची और पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार करते हुए लोहरदगा जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

