गांजे की तस्करी करने वाला युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गांजे की तस्करी करने वाला युवक गिरफ्तार


रामगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर की गलियों में घूम-घूमकर गांजे की पुड़िया बेचने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 82 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई बिजुलिया तालाब रोड में की गई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रमेश कुमार साहू, पिता स्वर्गीय रामचंद्र साहू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांद सराय गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र के सेवटा में रह रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह शहर में घूम-घूमकर गांजे की बिक्री करता है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पाण्डेय के अनुसार, आरोपित गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया अपने पास रखता था और उन स्थानों पर घूमता रहता था, जहां नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा होता है। पहचान के आधार पर ग्राहक उससे संपर्क करते थे और गांजा खरीदते थे। पुलिस ने आरोपित के पास से कुल 82 ग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपित गांजा कहां से लाता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। गांजे की आपूर्ति के स्रोत तथा संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान को बल मिलने की उम्मीद है। गिरफ्तार आरोपित को बुधवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768542 Articles

Share this story