युवा आजसू ने छात्रों के लिए की स्थानीय प्रमाण पत्र जल्द जारी करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
युवा आजसू ने छात्रों के लिए की स्थानीय प्रमाण पत्र जल्द जारी करने की मांग


रांची, 29 जून (हि.स.)। युवा आजसू ने झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (जेसीईसीबी) की ओर से चल रही नामांकन प्रक्रिया की समय सीमा 02 जुलाई के मद्देनजर छात्रों को अविलंब स्थानीय प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की है।

इस संबंध में सोमवार को युवा आजसू की रांची महानगर इकाई ने महानगर अध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में अरगोड़ा अंचलाधिकारी सुदीप्त राज से मुलाकात कर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (जेसीईसीबी) में आवेदन देने वाले छात्रों का स्थानीय प्रमाण पत्र बनाने में विलंब किए जाने की शिकायत की और अविलंब प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की।

अंचलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रमाण पत्र जारी करने में तेजी लाने के लिए कदम उठाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में जिप सदस्य हाकिम अंसारी केंद्रीय सचिव इम्तियाज़ अहमद नजमी, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, प्रताप सिंह, सौरव यादव, नीतिश राज, अमन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

मौके पर जिप सदस्य हाकिम अंसारी ने बताया कि ज्ञापन में झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (जेसीईसीबी) की ओर से चल रही नामांकन प्रक्रिया की समयसीमा के मद्देनज़र स्थानीय प्रमाण पत्र बनाने में शीघ्रता करने का अनुरोध किया गया है। जेसीईसीबी ने प्रथम आवेदन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 02 जुलाई निर्धारित की है, जबकि कई छात्रों का स्थानीय दर्जा सत्यापित न होने के कारण उन्हें नामांकन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं अमित यादव ने बताया कि राज्य के सभी महाविद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, पर अंचल से कई छात्रों का स्थानीय दर्जा बन पाने में देरी के कारण वे समय पर नामांकन नहीं कर पा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों में निराशा व्याप्त है और उनका एक वर्ष बर्बाद होने का डर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story