कोयल नदी की पुल से युवती ने लगाई छलांग, भर्ती
पलामू, 11 जुलाई (हि.स.)। डालटनगंज-शाहपुर-चैनपुर के बीच मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयल पुल से शनिवार शाम एक युवती ने खुदकुशी करने के लिए नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और एक टेम्पों चालक की तत्परता से युवती को गंभीर हालत में नदी से बाहर निकालकर तत्काल एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवती बेहोश बतायी गयी है। पुलिस घटना का कारण स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है। घायल युवती की पहचान पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी गांव निवासी शहनाज अख्तर (19) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार युवती महिला कॉलेज की ओर से शनिवार शाम ऑटो से सामान लेकर अपने घर जा रही थी। इसी क्रम में युवती कोयल पुल पर रूकी और अचानक नदी में छलांग लगा दी। बैरिया से शाहपुर सामान लेकर जा रहे टेम्पो चालक मो शाह ने युवती को पुल से नदी में छलांग लगाते देखा। चालक ने बिना देर किए नदी में बचाने उतर गया और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। बाइक पर बैठाकर उसे अस्पताल ले जाया गया। अभी घायल शहनाज खातून का इलाज अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल वह बेहोशी की हालत में है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। एमएमसीएच में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। युवती के होश में आने के बाद कुछ बताने या फिर परिजनों के बयान से कारण स्पष्ट हो पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार

