ससुराल में रह रहे युवक ने की खुदकुशी
गुमला, 03 जनवरी (हि.स.)।
जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्रा गांव में एक 46 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके ससुर के बागान में पेड़ से लटका पाया गया। मृतक की पहचान विजय कुजूर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जशपुर थाना क्षेत्र के पैकु गांव का निवासी था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार विजय कुजूर पिछले पांच वर्षों से अपने ससुराल हर्रा गांव में ही रह रहा था। बुधवार दोपहर से वह अचानक लापता हो गया था। जिसके बाद परिवार के सदस्य लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। शुक्रवार रात ससुर जूलियस तिग्गा ने अपने ही बागान के एक पुटकल पेड़ पर विजय का शव फंदे से झूलता देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गई। घटना की सूचना मिलते ही जशपुर से मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि विजय की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। विशेषकर शराब के सेवन के बाद उसकी स्थिति और बिगड़ जाती थी। परिजनों के अनुसार विजय पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। मृतक का पारिवारिक जीवन भी संघर्षपूर्ण रहा है। उसकी पत्नी सेलिना तिग्गा और उसके दो पुत्र पिछले कई वर्षों से रोजी-रोटी के सिलसिले में कोलकाता में रहते हैं। घर में विजय अपने ससुराल वालों के साथ ही रहता था। शनिवार सुबह सूचना मिलते ही एसआई राजेंद्र मंडल दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने प्रारंभिक पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

