देवघर 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now
देवघर 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


देवघर, 26 मई (हि.स.)। चितरा थाना क्षेत्र के खुन गांव के पास मंगलवार को 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चितरा–बस्ती–पालोजोरी मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

मृतक की पहचान खुन गांव निवासी अमित मरांडी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमित मरांडी जोरिया में स्नान करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर उसके शरीर पर गिर पड़ा, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखकर विलाप करने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह, अंचलाधिकारी कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा, पुलिस निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी, थाना प्रभारी विपिन कुमार, सीआई विभाष कुमार, एएसआई निर्भय कुमार सिंह सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं बिजली विभाग के एसडीओ सोमेश कुमार एवं अन्य कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता के बाद मुआवजे को लेकर सहमति बनी, जिसके पश्चात सड़क जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story