ओवरब्रिज के नीचे युवक का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
ओवरब्रिज के नीचे युवक का शव बरामद


देवघर, 10 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने बाबाधाम जसीडीह मुख्य मार्ग स्थित दुमका-जसीडीह ओवरब्रिज के नीचे एक कल्वर्ट के पास से एक युवक का शव बरामद किया है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान बदनाटीला निवासी विनोद रजक के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि युवक का शव ओवरब्रिज के नीचे स्थित कल्वर्ट के निकट पड़ा हुआ मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर देवघर के महापौर रवि राउत और उपमहापौर टिप चटर्जी भी पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। इधर, सूचना मिलते ही जसीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महापौर रवि राउत ने कहा कि वार्ड संख्या 5 के निवासी का शव बरामद होना अत्यंत दुखद है और यह जांच का विषय है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी इस स्थान पर ऐसी दो-तीन घटनाएं हो चुकी हैं तथा यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story