कैंब्रियन स्कूल में योग सप्ताह का समापन, विद्यार्थियों-अभिभावकों ने लिया नियमित योग का संकल्प
रांची, 20 जून (हि.स.)। रांची के कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में आयोजित छह दिवसीय योग सप्ताह का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक-सह-प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मसंयम और चारित्रिक विकास का भी आधार है। यदि बचपन से ही योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बना लिया जाए तो व्यक्ति और समाज दोनों का समग्र विकास संभव है।
योग सप्ताह कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए परमजीत कौर ने कहा कि योग को प्रभावी ढंग से अपनाने और समाज में लोकप्रिय बनाने में विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए बच्चों को वर्षभर योग के प्रति प्रेरित और जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपना सकें।
विद्यालय में 15 से 20 जून तक आयोजित योग सप्ताह के दौरान प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम के तहत योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और पिरामिड निर्माण जैसे व्यवहारिक अभ्यास कराए गए। इसके अलावा योग विषयक क्विज प्रतियोगिता, संभाषण कार्यक्रम और प्लेकार्ड निर्माण के माध्यम से ‘योग जागरूकता अभियान’ भी चलाया गया।
योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फादर्स डे के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया। इस पहल को प्रतिभागियों ने काफी सराहा और इसे पारिवारिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के दौरान ‘योग संगम’ पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक योग प्रदर्शन भी किया। इस दौरान योग के विभिन्न आसनों और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। सामूहिक योगाभ्यास ने अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।
योग सप्ताह का समापन विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों द्वारा नियमित योगाभ्यास को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

