विश्व योग दिवस पर बहावलपुरी पंजाबी समाज ने शुरू किया तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर
रांची, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बहावलपुरी पंजाबी समाज एवं बहावलपुरी पंजाबी समाज महिला समिति की ओर से तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। राजधानी रांची के रातु रोड स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी में अवस्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित इस शिविर में समाज के महिला एवं पुरुष सदस्य उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
शिविर का आयोजन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। शिविर 21 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसन, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संस्था के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि शिविर में समाज की योग प्रशिक्षिका चांद नागपाल प्रतिभागियों को योग की बारीकियों से अवगत करा रही हैं। उनके मार्गदर्शन में लोग विभिन्न योगासन और ध्यान की विधियों का अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम को लेकर विशेष रूप से महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं शिविर में पहुंचकर योग प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। शिविर के सफल संचालन में समाज के कंवलजीत मिड्ढा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बहावलपुरी पंजाबी समाज के अध्यक्ष लक्ष्मण दास मिड्ढा, सचिव मुकेश बजाज तथा मुख्य संरक्षक डॉ. सतीश मिड्ढा ने समाज के अधिक से अधिक लोगों से योग प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन जिया जा सकता है।
शिविर में डॉ. सतीश मिड्ढा, लक्ष्मण दास मिड्ढा, मुकेश बजाज, ललित किंगर, मोहन खीरबाट, संतोष किंगर, रवि नागपाल, बिमला किंगर, किरण गेरा सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा सभी को नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

