अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर झारखंड जगुआर परिसर में विशेष योग कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर झारखंड जगुआर परिसर में विशेष योग कार्यक्रम


रांची, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर झारखंड जगुआर परिसर में शनिवार को विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। योग मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मोटापे जैसी जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों के नियंत्रण में भी सहायक माना जाता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड जगुआर में कार्यरत अधिकारियों और जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए उन्हें योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से संस्थान में समय-समय पर योग और स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता, अनुशासन और मानसिक संतुलन में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। साथ ही सभी को नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ, संतुलित और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक समग्र जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे, पुलिस उपमहानिरीक्षक इन्द्रजीत महथा सहित झारखंड जगुआर के तमाम पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story