स्वास्थ्य जीवन का आधार है योग, योग करें निरोग रहें : शशि प्रकाश
रांची, 06 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक सह निदेशक आयुष शशि प्रकाश झा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में शनिवार को राजयोगा सेंटर, ईस्ट जेल रोड, रांची में योग शिविर का शुभारंभ किया। योग शिविर 20 जून 2026 तक आयोजित होगी।
शिविर का उद्घाटन करते हुए शशि प्रकाश झा ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और योग करें, निरोग रहें का संदेश राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने निकटवर्ती जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित योग सत्रों में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ झारखंड और सुखी झारखंड के निर्माण में सभी नागरिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिविर के दौरान वरिष्ठ योग प्रशिक्षक डॉ अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ कृष्ण कुमार, डॉ नुजहत सुल्ताना, डॉ वकील कुमार सिंह, डॉ लाल मांझी, डॉ राहुल किशोर सिंह सहित आयुष विभाग के कई अधिकारी-कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

