योग, मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है : सीएस
रांची, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल रांची सहित जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया।
सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर नियमित रूप से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी स्वास्थ्यकर्मियों और आम लोगों की सहभागिता से योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सदर अस्पताल रांची के सिविल सर्जन (सीएस) डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से कई बीमारियों की रोकथाम संभव है और व्यक्ति स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जी सकता है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और योग को जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, निरोगी और जागरूक समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार, डॉ एके झा, डॉ आरके सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह सहित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

