झारखंड में 18 सितंबर तक गरज के साथ बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 18 सितंबर तक गरज के साथ बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी


झारखंड में 18 सितंबर तक गरज के साथ बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी


रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में 18 सितंबर तक गरज के साथ हल्की बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए सोमवार को येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे गुजरात के क्षेत्र तथा दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे संबंधित मौसम प्रणाली धीरे-धीरे देश के दक्षिणी हिस्से की ओर बढ़ रही है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में झारखंड में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 55.2 मिलीमीटर बारिश दुमका के महारो में दर्ज की गई। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रांची और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 25.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.2 और 25.1 डिग्री, बोकारो में 32.1 और 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में 33.4 और 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग ने बारिश के दौरान गरज और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story