झारखंड में 21 मई तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में येलो और ऑरेंज चेतावनी जारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 21 मई तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में येलो और ऑरेंज चेतावनी जारी


झारखंड में 21 मई तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में येलो और ऑरेंज चेतावनी जारी


रांची, 15 मई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में आगामी 21 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। विभाग ने विशेष रूप से 17 और 18 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती क्षेत्र शामिल हैं। इनमें धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, रांची और रामगढ़ प्रमुख रूप से शामिल हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सिमडेगा जिले के कोलेबिरा क्षेत्र में 4.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 3 मिलीमीटर, गुमला जिले के पालकोट में 2.8 मिलीमीटर तथा बिशनपुर में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक डाल्टनगंज में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के नामकुम क्षेत्र में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी रही। हालांकि दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान भी काफी अलग-अलग रहा। रांची में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम 44 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story