झारखंड के पांच जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के पांच जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट


रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के पांच जिलों में मंगलवार को भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने तथा वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

राज्य में मानसून की सक्रियता बढ़ने से वर्षा की कमी में लगातार सुधार हो रहा है। एक जून से 20 जुलाई तक झारखंड में सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इससे एक दिन पहले यानी रविवार तक यह कमी 37 प्रतिशत थी। लगातार हो रही बारिश के कारण वर्षा घाटे में कमी आने लगी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 139.2 मिलीमीटर वर्षा हजारीबाग स्थित डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई।

तापमान की बात करें, तो पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का सर्वाधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलने के कारण लोगों को हल्की गर्मी और उमस का भी एहसास हुआ, हालांकि मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।

सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम 27.0 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.7 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.2 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, निचले इलाकों में पानी जमा होने और तेज हवा के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story