झारखंड के 12 जिलों में 17 अप्रैल को लू का येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के 12 जिलों में 17 अप्रैल को लू का येलो अलर्ट


झारखंड के 12 जिलों में 17 अप्रैल को लू का येलो अलर्ट


रांची, 13 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में 17 अप्रैल को लू चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में लू का असर देखने को मिल सकता है, उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रांची, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।

सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। दोपहर होते-होते गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए।

गौरतलब है कि हाल ही में राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से मौसम साफ रहने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री, डाल्टनगंज में 39.8 और 20.8 डिग्री, बोकारो में 38.1 और 20.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि लू के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story