राउंडटेबल इंडिया एरिया 16 की कमेटी का पुनर्गठन, यश वर्धित सिंह को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now

रांची, 06 सितंबर (हि.स.)। राउंडटेबल इंडिया के झारखंड-ओडिशा एरिया 16 की ओर से रविवार को रांची में वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। इसमें वर्ष 2026-27 के लिए कमेटी का पुनर्गठन किया गया। यश वर्धित सिंह को एरिया 16 का अध्यक्ष चुना गया। निवर्तमान अध्यक्ष अभिजीत मोहंती ने उन्हें पदभार सौंपा।

आयुष मोदी को एरिया 16 का सचिव सह कोषाध्यक्ष और सूरज अग्रवाल को उपाध्यक्ष चुना गया। आमसभा के दौरान पिछले एक वर्ष में किए गए सामाजिक कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। निवर्तमान अध्यक्ष अभिजीत मोहंती ने विभिन्न चैप्टरों की ओर से किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों को बधाई दी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चैप्टर और सदस्यों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

रांची समैरिटन राउंडटेबल को बेस्ट पब्लिसिटी, एलएपीडी, एक्सटेंशन, फंड रेजर, कम्युनिटी सर्विस और एफटीई प्रोजेक्ट सहित कई पुरस्कार मिले। आदित्य कटारूका को बेस्ट सेक्रेटरी और आयुष मोदी को बेस्ट ट्रेजरर का पुरस्कार प्रदान किया गया।

राउंडटेबल इंडिया के प्रचार-प्रसार समन्वयक पौरुष जैन ने बताया कि संस्था सामाजिक विकास और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। फ्रीडम थ्रू एजुकेशन अभियान के तहत हटिया की हजाम बस्ती में पारसनाथ पब्लिक स्कूल और खूंटी में एनडी ग्रोवर स्कूल की स्थापना कराई गई है। संस्था देशभर में 10 हजार से अधिक कक्षाएं स्थापित कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि एरिया 16 की ओर से ‘फ्लाइट ऑफ फैंटसी’ कार्यक्रम के तहत 70 जरूरतमंद बच्चों को हवाई यात्रा कराने के साथ संसद भवन का भ्रमण भी कराया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न चैप्टरों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story