वुशु प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास का मिला संदेश
रांची, 12 जून (हि.स.)। रांची जिला वुशु एसोसिएशन और झारखंड वुशु एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम के वुशु हॉल में आयोजित 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन वुशु प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ।
यह प्रशिक्षण शिविर एक जून से शुरू हुआ था, जिसमें रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सेपक टकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय साहू ने कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के चंचल भट्टाचार्य ने कहा कि शिविर में सीखी गई तकनीकों का निरंतर अभ्यास कर अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाएं। शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को वुशु खेल की आधुनिक तकनीकों, विशेष कौशल और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों से संबंधित गहन प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना और उन्हें प्रतिस्पर्धी स्तर के लिए तैयार करना था।
समापन समारोह में झारखंड वुशु एसोसिएशन के सचिव शैलेन्द्र दुबे, उपाध्यक्ष मिथलेस साहू, कोच दीपक, शिवेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

