विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


देवघर, 31 मई (हि.स.)। उपायुक्त के निर्देशानुसार रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को निकोटीन एवं तंबाकू उत्पादों की लत से बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना था।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति को शारीरिक और आर्थिक रूप से कमजोर बनाता है, बल्कि पूरे परिवार को संकट में डाल देता है। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे विज्ञापनों और दिखावे के प्रभाव में आकर तंबाकू, सिगरेट या गुटखे जैसी आदतों को न अपनाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मबल के माध्यम से इस घातक लत से पूरी तरह मुक्ति पाई जा सकती है। कार्यक्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम आकर्षण का पर्दाफाश करना, निकोटीन और तंबाकू की लत का मुकाबला करना के अनुरूप चर्चा की गई।

सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने कहा कि तंबाकू सेवन मुख कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज सहित अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक विकास से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से तंबाकू निषेध का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला नोडल पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार गुप्ता और डॉ मनीष शेखर ने कहा कि तंबाकू सेवन गैर-संचारी रोगों के प्रमुख जोखिम कारकों में से एक है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर ने कहा कि युवाओं को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया और तंबाकू निषेध अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर एएनएमटीसी की प्रशिक्षु छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनकी ट्यूटर दिव्या ज्योति ने भावी स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए तंबाकू नियंत्रण और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत कुमार मालवीय ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशिक्षु छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों ने तंबाकू सेवन से दूर रहने एवं तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम के बाद समाहरणालय परिसर से अतिथियों ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story