विश्व प्राकृतिक संरक्षण दिवस पर तीन साै पौधों का वितरण

WhatsApp Channel Join Now
विश्व प्राकृतिक संरक्षण दिवस पर तीन साै पौधों का वितरण


पूर्वी सिंहभूम, 28 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्राकृतिक संरक्षण दिवस के अवसर पर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (पीसीएपी) जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को गदरा मध्य विद्यालय में पौधरोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों के बीच 300 फलदार और पुष्प के पौधों का वितरण कर उन्हें पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आनंद मार्ग के प्रतिनिधि सुनील आनंद ने कहा कि पर्यावरण संकट प्राकृतिक नहीं, बल्कि मनुष्य की स्वार्थपरक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सृष्टि का सबसे विकसित और बुद्धिमान जीव होने के कारण पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी मनुष्य की ही है। यदि मनुष्य अपने मन को निर्मल और व्यापक बनाए तथा पेड़-पौधों एवं जीव-जंतुओं को अपने परिवार का हिस्सा माने, तभी प्रकृति का वास्तविक संरक्षण संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पौधों के महत्व, जैव विविधता के संरक्षण और पृथ्वी पर ऑक्सीजन के संतुलन को बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर आनंद मार्ग स्कूल के प्रधानाध्यापक सीताराम, झूरी जमुदा, तनिष्क देव, तापस देव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story