विश्व होम्योपैथी दिवस जागरूकता अभियान के साथ संपन्न
रांची, 10 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुष मिशन की ओर से विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रांची स्थित आरसीएच कैंपस, नामकुम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सतत स्वास्थ्य के लिए होम्योपैथी थीम पर आधारित इस कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सीय परामर्श और औषधि वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही आईईसी सामग्री के माध्यम से लोगों को होम्योपैथी के लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के निदेशक आयुष, सीमा कुमारी उदयपुरी ने कहा कि जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते खतरे के बीच होम्योपैथी एक प्रभावी विकल्प बनकर उभर रही है। इसके प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
मौके पर स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज ने कहा कि यह दिवस होम्योपैथी के जनक डॉ सैमुअल हैनीमैन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य सुरक्षित और समग्र चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि होम्योपैथी रोग के मूल कारण पर कार्य करती है। शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है। यह किफायती, सुलभ एवं न्यून दुष्प्रभाव वाली चिकित्सा प्रणाली है। पंकज ने बताया कि फिलहाल राज्यभर में 745 आयुष चिकित्सकों में 450 होम्योपैथिक चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम में ध्रुव प्रसाद, डॉ वकील कुमार सिंह सहित कई अधिकारी और चिकित्सक मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

