सुखद और सुविधापूर्ण भविष्य के लिए बचत की आदत जरूरी: परमजीत कौर

WhatsApp Channel Join Now
सुखद और सुविधापूर्ण भविष्य के लिए बचत की आदत जरूरी: परमजीत कौर


-कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में रिटायरमेंट प्लानिंग पर कार्यशाला आयोजित

रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। रांची के कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में शनिवार को रिटायरमेंट प्लानिंग विषय पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन प्रोफेसर (डॉ.) रमण बल्लभ ने शिक्षकों को सेवानिवृत्ति से पूर्व विवेकपूर्ण निवेश और वित्तीय योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

डॉ. रमण बल्लभ ने कहा कि समय के साथ परिस्थितियां बदल रही हैं और जीवन-यापन का खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सही समय पर सही निवेश करना भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर रहने के लिए समय रहते योजनाबद्ध निवेश की आदत विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को निवेश के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनकी सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि आज महिलाएं वित्तीय प्रबंधन और निवेश के प्रति पहले की तुलना में अधिक जागरूक हो रही हैं।

विद्यालय की निदेशक-सह-प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि सुखद और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रारंभिक दौर से ही बचत की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बचत, सही वित्तीय जानकारी और समय पर लिया गया निवेश संबंधी निर्णय भविष्य में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला में विद्यालय के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया और रिटायरमेंट प्लानिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story