रामगढ़ कॉलेज में मिहिर वत्स और चेतन भगत के साहित्यिक योगदान पर कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ कॉलेज में मिहिर वत्स और चेतन भगत के साहित्यिक योगदान पर कार्यशाला


रामगढ़ कॉलेज में मिहिर वत्स और चेतन भगत के साहित्यिक योगदान पर कार्यशाला


रामगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ कॉलेज में बहुविषयक शोध-विमर्श की साप्ताहिक श्रृंखला ‘प्रमा’ की 11वीं कड़ी का आयोजन किया गया। इसमें अंग्रेजी साहित्य के चर्चित लेखकों मिहिर वत्स और चेतन भगत के साहित्यिक योगदान एवं उनकी रचनात्मक यात्रा पर विशेष प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने साहित्य, लेखन तथा समकालीन समाज में अंग्रेजी साहित्य की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

इस दौरान अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक असीम खलखो ने ‘टेल्स ऑफ हजारीबाग : एन इंटिमेट एक्सप्लोरेशन ऑफ छोटानागपुर प्लेटो’ विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने हजारीबाग की पृष्ठभूमि से जुड़े साहित्यकार मिहिर वत्स की साहित्यिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महज 26 वर्ष की उम्र में हजारीबाग लौटकर अपनी जड़ों से जुड़ने वाले मिहिर वत्स ने अपने लेखन के माध्यम से छोटानागपुर पठार के जंगलों, नदियों, पहाड़ों और पत्थरों से जुड़ी अनकही कहानियों को सामने लाने का प्रयास किया। साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2022 में साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वहीं, अंग्रेजी विभाग के छात्र मेहल कुमार ने ‘लाइफ एंड वर्क्स ऑफ चेतन भगत’ विषय पर प्रस्तुति देते हुए उनके साहित्यिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि चेतन भगत ने अंग्रेजी साहित्य को आम युवाओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी रचनाओं में नई पीढ़ी की आकांक्षाओं, शहरी जीवन, संघर्षों और सपनों की झलक मिलती है। उन्होंने अंग्रेजी उपन्यासों को उन पाठकों के बीच भी लोकप्रिय बनाया, जो पहले इस साहित्य से दूर थे।

मौके पर प्राचार्य प्रो. डॉ. बिमल कुमार मिश्रा ने अंग्रेजी भाषा में लेखन की व्यापक संभावनाओं की ओर विद्यार्थियों का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने दोनों प्रस्तुतकर्ताओं की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम का संचालन प्रमा की समन्वयक एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति कमल ने किया। इस अवसर पर डॉ. अनामिका, डॉ. मालिनी, डॉ. बलवंती मिंज, विजेता तिग्गा, डॉ. शालिनी प्रकाश, डॉ. नीतू मिंज, साजिद हुसैन, बीरबल महतो और प्रकाश वर्मा सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर के विद्यार्थी उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story