केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री से मुलाकात कर संघ ने की एचईसी बचाने का आग्रह
रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। एचईसी मजदूर संघ (बीएमएस) ने एचईसी के अस्तित्व की रक्षा और कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर रविवार को संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से उनके आवास पर मुलाकात की। संस्थान की गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने एनसीएलटी से नियुक्त आईआरपी अधिकारी की ओर से एचईसी बंद होने जैसी बातें किए जाने और इससे कर्मचारियों में बढ़ती अनिश्चितता का मुद्दा उठाया। इस पर संजय सेठ ने भारी उद्योग मंत्रालय से संपर्क कर मामले की पड़ताल कराने तथा समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संघ के दो प्रतिनिधिमंडलों को दिल्ली ले जाकर संबंधित मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कराने की भी बात कही।
संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने बताया कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया के रांची आगमन पर संघ के सैकड़ों कार्यकर्ता उनसे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें एचईसी कर्मचारियों के 32 माह के बकाया वेतन भुगतान और संस्थान को बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।
संघ की ओर से कहा गया कि एचईसी और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर कई लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

