बीएफसीएल में 600 से अधिक श्रमिकों को मिला प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बीएफसीएल में 600 से अधिक श्रमिकों को मिला प्रशिक्षण


रामगढ़, 16 अक्टूबर (हि.स.)। कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल), रामगढ़ में आयोजित विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। 10 से 16 अक्टूबर तक चले इस कार्यक्रम में 600 से अधिक श्रमिकों को व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

झारखंड सरकार से मान्यता प्राप्त नारायणा इंस्टीट्यूट, चांडिल, जमशेदपुर के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में श्रमिकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने, कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की पहचान करने और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग और सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान रासायनिक सुरक्षा, सामग्री सुरक्षा डेटा शीट (एमएसडीएस), आपातकालीन स्थिति से निपटने तथा आपातकालीन निकास द्वारों के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। श्रमिकों को रसायनों के सुरक्षित रखरखाव, संभावित खतरों की पहचान और आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के तरीके भी समझाए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story