बोनस और बकाया महंगाई भत्ते की मांग पर फिर आंदोलन करेगा नगर निकाय मजदूर यूनियन

WhatsApp Channel Join Now
बोनस और बकाया महंगाई भत्ते की मांग पर फिर आंदोलन करेगा नगर निकाय मजदूर यूनियन


रांची, 17 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन ने मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन करने की घोषणा की है। यूनियन के अनुसार, 15 अक्टूबर को हुई हड़ताल के बाद रांची नगर निगम के मजदूरों और सुपरवाइजरों को वेतन के साथ बोनस का भुगतान किया गया। हालांकि, यूनियन का आरोप है कि कई कर्मचारियों को अब तक बोनस और महंगाई भत्ते के बकाया एरियर सहित अन्य देय राशि नहीं मिली है।

यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 15 अक्टूबर की हड़ताल में खेलगांव, कांटाटोली और मोरहाबादी क्षेत्र के चालकों एवं हेल्परों ने सक्रिय भागीदारी निभाई थी। उन्होंने कहा कि आगामी आंदोलन को सफल बनाने के लिए अन्य क्षेत्रों के मजदूरों से भी एकजुट होकर शामिल होने की अपील की गई है।

भवन सिंह के मुताबिक, यूनियन दीपावली के दौरान बोनस, वैधानिक छुट्टियों, अप्रैल से बकाया महंगाई भत्ते और वर्ष 2013 के एक महीने के बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर फिर आंदोलन करेगा। इसके साथ ही मजदूरों के स्थायीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

यूनियन अध्यक्ष ने कहा कि मजदूरों को 8.33 प्रतिशत की दर से बोनस का भुगतान किया गया है, लेकिन यूनियन की मांग है कि कर्मचारियों को उनके पूरे कानूनी अधिकारों के अनुरूप भुगतान मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के कई कर्मचारियों को अब तक बोनस और चार महीने के महंगाई भत्ते का एरियर नहीं मिला है।

भवन सिंह ने कहा कि यदि हड़ताल में नगर निगम के सभी कर्मचारी शामिल होते, तो बोनस को लेकर और बेहतर परिणाम मिल सकते थे। उन्होंने नागा बाबा खटाल सहित अन्य क्षेत्रों के मजदूरों से आगामी आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील की।

भवन सिंह ने कहा कि किसी कर्मचारी को नौकरी से हटाने का अधिकार सुपरवाइजर या पार्षद को नहीं है। यदि किसी कर्मचारी को हटाया जाता है, तो उसे संबंधित नगर निगम अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज करानी चाहिए। साथ ही, इसकी जानकारी यूनियन को भी देनी चाहिए, जिससे कि मामले में आवश्यक कदम उठाए जा सकें। ---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story