महिला किसान खुशहाली योजना से मिलेगा बेहतर बाजार : शिल्पी
रांची, 03 सितंबर (हि.स.)। महिला किसानों को पहचान, बेहतर बाजार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग की प्रस्तावित महिला किसान खुशहाली योजना को प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को होटल रेडिसन ब्लू में राज्यस्तरीय स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। योजना को महिला किसानों के सुझावों के आधार पर अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। महिला किसान खुशहाली योजना से महिलाओं को बेहतर बाजार मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम को औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि इसके ठोस परिणामों पर केंद्रित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि योजना आने वाले समय में झारखंड की पारंपरिक खेती की अवधारणा को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। महिलाओं की कृषि क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा।
वहीं मौके पर कृषि विभाग के विशेष सचिव गोपाल तिवारी ने बताया कि योजना का उद्देश्य महिला किसानों की क्षमता विकसित करना, निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना, बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और वैल्यू एडिशन के माध्यम से आय बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्टेकहोल्डर्स और महिला किसानों के सुझाव योजना के अंतिम स्वरूप में शामिल किए जाएंगे।
निदेशक कृषि विद्यानंद शर्मा पंकज ने योजना को व्यापक और व्यावहारिक बनाने की बात कही। जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल ने बताया कि एसएचजी से करीब 32 लाख महिलाएं जुड़ी हैं।
कार्यक्रम में योजना के ड्राफ्ट, उद्देश्य, दायरे और इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम मॉडल पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में निदेशक कृषि विद्यानंद शर्मा पंकज, निदेशक उद्यान प्रवीण केरकेट्टा, निदेशक मृदा संरक्षण विकास कुमार सहित राज्यभर से आयीं महिला किसान, स्टेकहोल्डर्स सहित महिला किसान, स्टेकहोल्डर्स और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

