आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत
लोहरदगा, 15 मई (हि.स.)। कुंडू प्रखंड के उडुमुड़ू गांव में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई जबकि एक दुधारू गाय एवं दो बकरी की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है।
उडुमुड़ू गांव निवासी अधेड़ महिला पाल्हो उरांव मवेशी चराने के लिए कोयल नदी की तरफ गई थी। शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से 65 वर्षीय महिला पाल्हो उरांव खेत में बेहोश होकर गिर गई। थोड़ी दूरी पर खड़े गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और पाल्हो को कुड़ू सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। उडुमुड़ू गांव में हुई इस घटना में दो बकरी की भी मौत हो गई है, जबकि लावागांई गांव में राहुल उरांव की एक दुधारू गाय की मौत हो गई है। शुक्रवार को आए आंधी-तूफान एवं बारिश से प्रखंड़ में काफी नुकसान पहुंचा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

