टांगी से वार कर महिला की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
टांगी से वार कर महिला की हत्या, आरोपित गिरफ्तार


-चान्हो के देशवाली गांव की घटना, सब्जी बेचकर छह बच्चों का पालन-पोषण करती थी मृतका

रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र के देशवाली गांव में रविवार सुबह मामूली कहासुनी के बाद एक महिला की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय सुनीता उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपित पड़ोसी पिंजरा उरांव (50) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह आरोपित पिंजरा उरांव अपने आंगन में जलावन की लकड़ी काट रहा था। इसी दौरान सुनीता उरांव वहां पहुंचीं। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में पिंजरा उरांव ने लकड़ी काटने वाली टांगी से सुनीता के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर चान्हो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार, सुनीता उरांव के छह बच्चे हैं। वह बीजुपाड़ा चौक पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। घटना के समय उनके पति चूंदा उरांव मजदूरी के सिलसिले में सिकंदराबाद गए हुए थे। सुनीता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां की मौत के बाद छह बच्चों के भरण-पोषण को लेकर भी परिवार की चिंता बढ़ गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, कहासुनी की वास्तविक वजह क्या थी और क्या घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story