आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, तीन घायल


लातेहार, 29 जून (हि.स.)। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गयी। जबकि तीन लोग घायल हो गए।

पहली घटना थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव की है जहां तेजनी देवी (45) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। स्थानीय लाेगाें ने बताया कि महिला घर से बाहर खेत की ओर गई थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से तेजनी की माैत हाे गयी।

वहीं, दूसरी घटना बहेरा गांव में हुई। बारिश के दौरान घर के अंदर बैठे लोग आकाशीय बिजली गिरने से चपेट में आ गए। इस हादसे में टीभू यादव, गीता देवी (दोनों बहेरा निवासी) और कैलाश यादव (कोलपटिया निवासी) घायल हो गए।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर अशोक कुमार और डॉक्टर अलीशा टोप्पो की देखरेख में इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

Share this story