नवजात बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर एसएसपी आवास के बाहर आत्मदाह करने पहुंची महिला हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
नवजात बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर एसएसपी आवास के बाहर आत्मदाह करने पहुंची महिला हिरासत में


रांची, 25 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में रविवार को अपने नवजात बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर एक महिला अन्य बच्चों के साथ मोरहाबादी स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आवास के बाहर आत्मदाह करने पहुंच गई। हालांकि, समय रहते लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिला को हिरासत में लेकर अनहोनी होने से रोक दिया।

पुलिस के अनुसार, महिला पंडरा ओपी क्षेत्र के बजरा की रहने वाली है। उसका आरोप है कि वह पहले मानव तस्करी का शिकार हो चुकी है। इसके बाद जिस व्यक्ति से उसकी शादी हुई, उसने भी उसे धोखा दिया और उसके नवजात बच्चे का कथित तौर पर सौदा कर दिया। महिला अपने बच्चे की बरामदगी के लिए लगातार पुलिस थानों के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक उसे बच्चा नहीं मिल सका है।

महिला का कहना है कि वह अपने बच्चे को वापस पाने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रही है। जिस बच्चे पर उसने अपना दावा जताया है, उसका डीएनए परीक्षण कराया गया है। हालांकि, जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आने के कारण बच्चे की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है और उसे बच्चा नहीं सौंपा गया है।

बच्चे की बरामदगी में हो रही देरी से परेशान महिला रविवार को अपने अन्य बच्चों के साथ एसएसपी आवास के बाहर पहुंच गई और आत्मदाह का प्रयास करने की स्थिति में थी। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।

लालपुर थाना प्रभारी ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर समझाया जा रहा है। मामले में डीएनए जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद बच्चे की पहचान और महिला के दावे को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story