स्थापना दिवस पखवाड़े में चलाया गया दिव्यांगजन सशक्तिकरण सहित कई अभियान
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में विकास, सामाजिक समावेशन और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरूवार को विभिन्न जिलों में दिव्यांगजन सशक्तिकरण, आवास, सुरक्षित मातृत्व, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाए गए।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की पहल पर आयोजित दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यक्रमों में 2.16 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। इसमें दिव्यांग बच्चों की पहचान, स्वास्थ्य जांच, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और सहायक उपकरणों की उपलब्धता पर जोर दिया गया।
आवास योजना के तहत सरायकेला-खरसावां में 17 से 26 नवंबर 2026 तक 864 परिवारों ने नए घरों में गृह प्रवेश किया।
वहीं सिमडेगा में 143 प्रशिक्षित पारंपरिक दाइयों को विशेष प्रसव किट दी गई।
बोकारो की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शनी के माध्यम से पहचान दिलाने की पहल की गई है। इसमें पारंपरिक काष्ठ कला, लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ और भेंडरा मेटल क्लस्टर प्रदर्शित किए जाएंगे।
रोजगार के क्षेत्र में पाकुड़ में भर्ती कैंप के दौरान 261 रिक्तियों के विरुद्ध 19 अभ्यर्थियों का चयन और 22 को शॉर्टलिस्ट किया गया।
दुमका में महिला समूहों को सरसों बीज वितरित किए गए।
इसके अलावा लोहरदगा में 17 यूनिट रक्त संग्रह, पाकुड़ में 100 टीबी मरीजों को पोषण किट वितरण और विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य जांच, पशुपालन, स्वच्छता और संविधान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

