झारखंड में पांच नवंबर तक छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में पांच नवंबर तक छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश की संभावना


- सुबह कुहासा, दोपहर बाद कुछ इलाकों में हो सकती है बारिश

रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पांच नवंबर तक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।

विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह कुहासा छाया रहेगा। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में दोपहर बाद हल्की बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के दारीसाई में 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान लातेहार में 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले तीन-चार दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के कारण ठंड में वृद्धि हुई है। हालांकि, शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहने के बाद दोपहर में आसमान साफ हो गया और धूप खिली। इससे हल्की गर्मी महसूस की गई।

मौसम साफ होने के कारण रांची सहित कई जिलों के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, रविवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28.4 और न्यूनतम 22.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 24.6 और न्यूनतम 21.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 और न्यूनतम 23.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 29.4 और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story