झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी, 27-28 मार्च को बारिश और वज्रपात का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी, 27-28 मार्च को बारिश और वज्रपात का अलर्ट


रांची, 25 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में इन दिनों मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। कहीं बारिश तो कहीं धूप की आंखमिचौली देखने को मिल रही है।

पिछले एक सप्ताह के दौरान गर्जन के साथ बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में 3 से 9 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ तापमान में फिर बढ़ोतरी हो रही है।

रांची में बारिश के दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंच गया था, जो अब बढ़कर बुधवार को लगभग 31 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।

मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 14.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, हालांकि दोपहर बाद आंशिक बादल छाए रहे। रांची में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर में अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 23.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 36.8 और न्यूनतम 23.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.2 और न्यूनतम 19.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35 और न्यूनतम 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और सतर्कता बरतें।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story