झारखंड में साफ हुआ मौसम, न्यूनतम तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में साफ हुआ मौसम, न्यूनतम तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड


झारखंड में साफ हुआ मौसम, न्यूनतम तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड


रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बुधवार को मौसम साफ रहा। आसमान साफ होने के साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।

राज्य के रांची, पलामू, बोकारो समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रांची में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस था, जो बुधवार को घटकर 19.4 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह बोकारो में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री से घटकर 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, चाईबासा में मंगलवार के 21.6 डिग्री के मुकाबले बुधवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के अलावा मध्यवर्ती जिलों खूंटी और गुमला में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है।

इधर, रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह हल्का कुहासा छाया रहा और ठंड महसूस की गई। दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छा गए।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम 24.1 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.6 और न्यूनतम 20.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.2 और न्यूनतम 21.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 30.8 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772113 Articles

Share this story