रांची के विकास के लिए हर वार्ड में खुलेंगे वार्ड कार्यालय : मेयर

WhatsApp Channel Join Now
रांची के विकास के लिए हर वार्ड में खुलेंगे वार्ड कार्यालय : मेयर


रांची, 13 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रांची के तत्वावधान में अयोजित कार्यक्रम में नवनिर्वाचित रांची की मेयर रोशनी खलखो शुक्रवार को शामिल हुईं।

इस अवसर पर क्लब की महिला सदस्यों को सम्मानित किया गया। मौके पर क्ल ब की ओर से मेयर को भी सम्मान प्रदान किया गया।

मौके पर मेयर ने रांची शहर के विकास के लिए आगामी पांच वर्षों की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं को आम लोगों की पहुंच तक लाने के लिए शहर के सभी 53 वार्डों में वार्ड कार्यालय खोले जाएंगे, ताकि छोटे-मोटे काम वार्ड स्तर पर ही निपट सकें और लोगों को निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े। मेयर ने बताया कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए डैम ब्रिज और डैम निर्माण, पार्कों का विकास और संकरी सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

मेयर ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सरकार के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्होंने रोटरी क्लब से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली महिलाओं में डॉ भावना तनेजा, कांता मोदी, रश्मि अग्रवाल, आस्था बहल, रितिका लखोटिया, रिचा, निशी जायसवाल, पायल सूद, जसबीर वासु सहित अन्य का नाम शामिल है।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने भी रांची के विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story