(अपडेट) झारखंड विधानसभा से एसआईआर पर राजकीय संकल्प ध्वनिमत से पारित

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) झारखंड विधानसभा से एसआईआर पर राजकीय संकल्प ध्वनिमत से पारित


रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा हुई।

चर्चा के बाद मतदाताओं की परेशानियों को लेकर सक्षम प्राधिकार को अवगत कराने के लिए एक राजकीय संकल्प क पारित कर दिया गया।

विधानसभा में चर्चा के बाद स्पीकर रबिंद्रनाथ महतो ने सदन में करीब साढ़े चार घंटे तक चली बहस के बाद इस संकल्प को पारित किए जाने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाई जा रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रियागत दुरूहता के कारण मतदाताओं को परेशानियां हो रही है।

इन परेशानियों से सभी सक्षम प्राधिकार को अवगत कराने के लिए राज्य सरकार के संकल्प पर अनुसमर्थन प्राप्त कर केंद्र सरकार को भेजने का प्रस्ताव है।

उन्होंने इस राजकीय संकल्प पर पक्ष-विपक्ष के सदस्यों से सहमति-असहमति के बारे में पूछा और इसे ध्वनिमत से पारित किए जाने का ऐलान किया।

इससे पहले संसदीय कार्य और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की ओर से एसआईआर को लेकर एक राजकीय संकल्प सदन में पेश किया। उन्होंने इस संकल्प के माध्यम से राज्य में जारी एसआईआर पर रोक लगाने की मांग की।

किशोर ने कहा कि एसआईआर कराए जाने पर राज्य सरकार की सैद्धांतिक सहमति है, लेकिन संवैधानिक प्रावधान के अनुसार किसी भी योग्य मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता है।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि फिलहाल एसआईआर की प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए इसके स्वरूप में आवश्यक परिवर्तन किया जाए। विधानसभा में मंत्री की ओर तर्क दिया गया कि एसआईआर के वर्तमान स्वरूप में अपनाई जा रही प्रक्रियागत मुश्किलों के कारण वैध मतदाताओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसलिए सर्वमान्य एसओपी तैयार किए जाने के बाद ही नए सिरे से एसआईआर कराया जाए। उन्होंने बताया कि विभिन्न संचार माध्यमों से सरकार को जानकारी मिली है कि झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से पहले चरण के प्रारूप प्रकाशन में 2.21 करोड़ मतदाताओं का नाम प्रकाशित किया गया। इस तरह से लगभग 16 प्रतिशत मददाताओं का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया।

प्रारूप मदताता सूची में प्रकाशित होने के बाद 2.21 करोड़ वोटरों में से लगभग 27 प्रतिशत वोटरों को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया।

नोटिस दिए गए मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले मात्र तार्किक विसंगति से जुड़े हैं। जिसमें मुख्य रूप से माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर पाया गया है।

इस तरह से झारखंड में 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक वोटरों का नाम या तो वोटर लिस्ट से हटा दिया गया या उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है।

संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर के अनुसार, एसआईआर के कारण झारखंड के मतदाताओं को दस्तावेज से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा प्रवासी मजदूरों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि कई वोटरों, विशेषकर बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र और पासपोर्ट या मांगे गए 11 दस्तावेज में कोई भी उपलब्ध नहीं है।

आधार, राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता या जन्मतिथि के प्रमाण पत्र के रूप में नहीं स्वीकार करने से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है।

आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पुरानी सूची में नाम की वर्तनी अलग-अलग होने के कारण कई आवेदन लंबित है।

झारखंड के लाखों मजदूर दिल्ली, मुंबई और सूरत जैसे महानगरों में काम करते हैं। फार्म भरने के लिए वो समय पर वापस नहीं आ सके।

घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, तो उनका नाम भी वोटर लिस्ट से हटने का खतरा उत्पन्न हो गया। दूसरे राज्यों में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को भी इसी तरह की परेशानियां हुई।

1987 से पहले जन्मे बुजुर्ग मतदाताओं से उनके माता-पिता के दस्तावेज मांगे गए, जो अधिकांश के पास उपलब्ध नहीं थे।

विवाह के बाद दूसरे गांव में रहने वाली महिलाओं का नाम कई बार मायके की मतदाता सूची में था, लेकिन ससुराल की सूची में नहीं था। विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को अद्यतन दस्तावेजों के अभाव में अधिक जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ा।

प्रक्रिया के लिए बहुत कम समय दिया गया। बीएलओ को 2-3 सप्ताह में 1000 से अधिक मतदाताओं तक पहुंचना था। कई मतदाताओं की शिकायत थी कि बीएलओ एक बार उनके घर आए, जबकि उस समय वो काम या खेतों में व्यस्त थे।

फार्म हिंदी और अंग्रेजी में होने के कारण कई ग्रामीण मतदाताओं को उसे भरने में सहायता की जरूरत पड़ी। स्मार्टफोन की अनुपलब्धता और ओटीपी की समस्याओं के कारण ऑनलाइन सुधार पोर्टल का उपयोग करना कठिन रहा।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार के इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान कई घुसपैठिए और विदेशी नागरिकों के राशन कार्ड, वोटर पहचान पत्र और आधार पहचान पत्र बना लिए जाने की जानकारी मिली।

उन्होंने कहा कि देश में आजादी के बाद इससे पहले भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की गई। इसलिए इसका विरोध किया जाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण के नाम पर पात्र वोटरों नाम नहीं काटा चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में जो थोड़ी बहुत कठिनाई सामने आई है, वो सीओ-बीडीओ और अन्य अधिकारियों के टालमटोल रवैये के कारण सामने आई।

इस प्रस्ताव पर चर्चा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजद के सुरेश पासवान, जेएलकेएम के जयराम महतो, जदयू के सरयू राय और पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक चंपाई सोरेन ने हिस्सा लिया।

इससे पहले सदन की कार्यवाही शुरू होने पर स्पीकर ने कहा कि 11 अगस्त को सभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी।

उन्होंने बताया मुख्यमंत्री की ओर से राज्यहित से जुड़े दो महत्त्वपूर्ण विषयों पर सदन में व्यापक विचार- विमर्श किये जाने के लिए दिनांक 25 और 26 नवम्बर को सभा की बैठक बुलाये जाने का अनुरोध किया गया था।

उन्होंने कहा कि दो दिवसीय बैठकों में जिन विषयों पर सदन विचार करने जा रहा है।उनका सीधा संबंध राज्य की जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों, आर्थिक हितों और राज्य के भावी विकास से है।

विधानसभा अध्यक्ष ने एसआईआर को लेकर राजकीय संकल्प पारित होने के बाद आज विधानसभी की कार्यवाही गुरुवार पूर्वाह्न 11 बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी। विधानसभा में गुरुवार को एमडीआर बिल पर चर्चा की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783219 Articles

Share this story