जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव


जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव


जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव


जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव


जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव


जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव


रांची, 10 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्र सोमवार को विधानसभा का घेराव कर रहे हैं। झारखंड के सभी 24 जिलों से करीब 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के इस घेराव में शामिल होने का अनुमान है।

राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र ट्रेन, बस और निजी वाहनों के जरिए रांची पहुंचे हैं। रविवार शाम तक राजधानी पहुंचने वाले छात्रों का सिलसिला जारी रहा। रांची रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख इलाकों में अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आई। रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद कई छात्र समूहों ने नारेबाजी की और आंदोलन स्थल की ओर रवाना हुए।

सोमवार सुबह जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर पुराने विधानसभा चौक तक अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई। अलग-अलग स्थानों से छात्र छोटी-छोटी टोलियों में विधानसभा की ओर बढ़ते नजर आए। लोकभवन के पास भी सैकड़ों अभ्यर्थी हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर दूसरे जिलों से आने वाले छात्रों की भीड़ बनी हुई है।

विभिन्न जिलों से रांची पहुंचे छात्रों के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटने का सिलसिला भी जारी है। यहां से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा तक मार्च कर रहे हैं। छात्रों के आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

जगन्नाथपुर, अरगोड़ा, हरमू रोड और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग समेत कई प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा बिरसा चौक, विधानसभा चौक, जगन्नाथपुर के बजरंगी चौक और नए विधानसभा क्षेत्र में भी बैरिकेडिंग की गई है।

प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। चार लेयर की बैरिकेडिंग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन की भी व्यवस्था की गई है। शहर के संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख चौक-चौराहों पर भी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रख रहा है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इससे पहले जिला प्रशासन ने छात्रों से धरना-प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की । प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की उग्र या हिंसक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपनी मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची पुलिस ने विधानसभा और आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। एसएसपी राकेश रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story