वोट केवल अधिकार नहीं, बल्कि नागरिक पहचान का आधार : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
वोट केवल अधिकार नहीं, बल्कि नागरिक पहचान का आधार : इरफान


जामताडा, 12 जून (हि.स.)।

जामताड़ा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को मंत्री आवास में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बीएलए-2 कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

इस अवसर बतौर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि वोट केवल अधिकार नहीं, बल्कि नागरिक पहचान का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने और किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटने देने का आह्वान किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के वोट को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

मंत्री ने कहा कि वोट बचाना लोकतंत्र बचाने की सबसे बड़ी लड़ाई है और कांग्रेस हर बूथ पर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करेगी। कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक जलालुद्दीन अंसारी ने बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची पुनरीक्षण, मतदाता सत्यापन और संगठन विस्तार पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया का राजनीतिक उपयोग कर चुनावी समीकरण प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।

जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। वहीं कार्यकारी जिला अध्यक्ष विजय दुबे ने संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story