झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 20 जून से शुरू होगा: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 20 जून से शुरू होगा: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी


रांची, 22 मई (हि.स.)। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य में 20 जून से मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा, साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी प्रकाशित की जाएगी। वे शुक्रवार को निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दोनों सूचियों को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ मतदान केंद्रवार सॉफ्ट और हार्ड कॉपी में साझा किया जाएगा। इसके अलावा यह जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।

के. रवि कुमार ने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची की पिछले वर्षों की सूची के साथ मैपिंग का कार्य जारी है। इसके तहत 23 मई से दो सप्ताह तक सभी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची मतदान केंद्रों पर प्रदर्शित की जाएगी। ऐसे मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी दें और सुविधानुसार अपनी मैपिंग पूरी कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर के अंतर्गत मैप्ड मतदाताओं को किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि एसआईआर प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। गैर-भारतीय नागरिक इसमें भाग न लें। यदि कोई व्यक्ति गलत घोषणा करता है तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की धारा 31 के तहत उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि 15 जून से शुरू होने वाले एसआईआर प्रशिक्षण में सभी को शामिल किया जा सके।

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story