फुरकान अंसारी ने की एसआईआर रद्द कर पुरानी मतदाता सूची बहाल करने की मांग
जामताड़ा, 25 सितंबर (हि.स.)। पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने कहा है कि जनता के मताधिकार से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। उन्होंने एसआईआर को तत्काल रद्द कर पुरानी मतदाता सूची बहाल करने की मांग की।
शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में फुरकान अंसारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त केंद्र सरकार के प्रभाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।
फुरकान अंसारी ने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष चुनावी प्रक्रिया का इस्तेमाल राज्यों में सत्ता हासिल करने के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा जरूरी है।
फुरकान अंसारी ने कहा कि एसआईआर को लेकर मतदाताओं में पैदा हुई आशंकाओं को दूर करने के लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े लोग जनता की मांगों पर ध्यान नहीं देते हैं तो व्यापक जनआंदोलन हो सकता है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

