सेना पर कथित जमीन के अतिक्रमण के खिलाफ रांची के ग्रामीण करेंगे आंदोलन
रांची, 26 जून (हि.स.)। एयरपोर्ट विस्थापित मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व पार्षद अजीत उरांव ने कहा है कि हिनू, खोखमा टोली और हुंडरू पोखर टोली के ग्रामीणों ने रैयती जमीन पर कथित अतिक्रमण के प्रयास के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को ग्रामीणों की बैठक में इस संबंध में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। अजीत उरांव के अनुसार बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना अधिग्रहित रैयती जमीन पर स्थानीय सेना की ओर से अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे उनके आवागमन, रास्ते और पेयजल पाइपलाइन प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने राज्य सरकार और स्थानीय सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से इस विवाद के शांतिपूर्ण समाधान के लिए पहल करने की मांग की है। ग्रामीणों का मानना है कि बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान निकाला जाना चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता बहा कच्छप और सुधीर टोप्पो ने की।
इस अवसर पर अजीत उरांव, प्रकाश टोप्पो, सुरेश गोप, सुखनाथ लोहरा, अरुण गोप, संदीप तिर्की, महादेव तिर्की, आनंद टोप्पो सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे।
बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

