झारखंड स्थापना पखवाड़े में ग्रामीणों को प्लास्टिक मुक्त पंचायत की दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड स्थापना पखवाड़े में ग्रामीणों को प्लास्टिक मुक्त पंचायत की दिलाई शपथ


रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर रांची जिले में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शिक्षा, स्वच्छता, कृषि, खेल, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम सिलसिलेवार आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंचायत स्तर पर एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाकर ग्रामीणों को प्लास्टिक मुक्त पंचायत की शपथ दिलाई गई। इस दौरान परंपरागत पदधारकों को सम्मानित भी किया गया।

महिला सशक्तीकरण के तहत झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की जमुदाग शाखा ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पांच महिलाओं को एक-एक लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया। तमाड़ में सखी मंडल को ट्रैक्टर दिया गया, जबकि अनगड़ा में महिला समिति ने गेंदा फूल की खेती से 42 हजार रुपये की बिक्री की। पशुपालन गतिविधियों के तहत 3,801 बकरियों का टीकाकरण और 2,238 लाभार्थियों का ई-केवाईसी किया गया।

खेल गतिविधियों के तहत मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। रामकृष्ण मिशन आश्रम में आयोजित रबी कर्मशाला में 250 किसानों ने हिस्सा लेकर खेत बचाने की शपथ ली।

वहीं, राजधानी के विद्यालयों में स्वच्छता, हैंडवॉश, पेंटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। आगामी 23 से 27 नवंबर तक जिले के 13 प्रखंडों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780662 Articles

Share this story