चेरी-मनातु गांव में निःशुल्क विधिक सहायता शिविर में ग्रामीणों को दी गई कानूनी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
चेरी-मनातु गांव में निःशुल्क विधिक सहायता शिविर में ग्रामीणों को दी गई कानूनी जानकारी


रांची, 20 जून (हि.स.)। न्याय शास्त्र लॉ फर्म की ओर से शनिवार को रांची के कांके प्रखंड स्थित चेरी-मनातु गांव में निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी विभिन्न कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

शिविर के दौरान न्याय शास्त्र लॉ फर्म की ओर से झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अमित राज सहित अन्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी परामर्श दिया। साथ ही उन्हें उनके अधिकारों, कानूनी प्रक्रियाओं तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

इस अवसर पर अधिवक्ता अमित राज ने कहा कि देश के कई हिस्सों, विशेषकर झारखंड में, लोगों के बीच कानूनी जागरूकता का अभाव देखने को मिलता है। इसका लाभ अक्सर दूसरे लोग उठा लेते हैं। पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण आम नागरिक कई बार व्यवस्था के सामने स्वयं को असहाय महसूस करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कानूनी जागरूकता बढ़ने से लोग अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी अधिक सशक्त बनते हैं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून से जुड़ी बुनियादी जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में चेरी गांव की समाजसेवी सुनीता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अमित राज एवं सौरभ सिंह, रांची व्यवहार न्यायालय की अधिवक्ता जूही चौधरी तथा वॉलंटियर के रूप में कुमार अक्ष सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story