सर्विस रोड की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now
सर्विस रोड की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


देवघर, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रखंड क्षेत्र के गांधी जमुआ-नावाडीह गांव के समीप निर्माणाधीन फोरलेन में सर्विस रोड और अप्रोच रोड की मांग को लेकर आसपास के ग्रामीणों ने शनिवार को सड़क जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण कार्य का विरोध जताते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना था कि फोरलेन निर्माण के बाद स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए उचित रास्ता नहीं छोड़ा जा रहा है। यदि ग्रामीणों के लिए सर्विस रोड या अप्रोच रोड की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

ग्रामीणों के आंदोलन की सूचना मिलने पर जसीडीह थाना के अवर निरीक्षक दिनेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया।

मौके पर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय जनता दल के नेता डमरू प्रसाद यादव और आनंदी यादव ने कहा कि एनएचएआई से लगातार सर्विस रोड की मांग की जा रही है। सर्विस रोड बनने से आसपास के करीब 10 से 12 गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों ने कहा कि यह एक बड़ी सड़क है और यदि इसमें स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए सर्विस रोड या उचित अप्रोच की व्यवस्था नहीं होगी तो ग्रामीणों के सामने आवागमन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि उनकी मांग पर जल्द पहल नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखने को बाध्य होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story