पानी की गंभीर समस्या पर ग्रामीणों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
पानी की गंभीर समस्या पर ग्रामीणों में आक्रोश


रांची, 03 मई (हि.स.)। नामकुम प्रखंड अंतर्गत हरदाग पंचायत के दर्जीतोरार गांव में पेयजल संकट को लेकर रविवार को आम सभा आयोजित की गई। ग्राम प्रधान बिरसा मुंडा एवं आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) प्रखंड अध्यक्ष निशिकांत तिर्की की संयुक्त अगुवाई में संपन्न इस सभा में ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण जलस्तर नीचे चला गया है, जबकि खेतों में बने डाड़ी का पानी भी दूषित हो चुका है। इससे स्थिति और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्राम प्रधान बिरसा मुंडा ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव ग्रामीणों के अधिकारों का हनन है। वहीं निशांत तिर्की ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण प्रखंड कार्यालय का घेराव करेंगे। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समस्या के समाधान करने के संबंधित विभाग एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि मजबूरी में दूषित पानी पीने से गांव में डायरिया सहित अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story