उपायुक्त ने मानकी मुंडा, ग्राम प्रधान और पड़हा राजा को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त ने मानकी मुंडा, ग्राम प्रधान और पड़हा राजा को किया सम्मानित


रांची, 24 नवंबर (हि.स.)।

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों और प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र एवं पौधे देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मानकी, परमधौत, मुंडा, ग्राम प्रधान, डाकुवा, पराणिक, जोगमाझी, कुड़ाम, कुड़ाम नायकी, नायकी, गोडैत, मूल रैयत, ग्रामीण दिउरी, पड़हा राजा, ग्रामसभा प्रधान, घटवाल और तावेदार शामिल थे।

इस अवसर पर उपायुक्त ने गांवों में लंबित भूमि विवादों के न्यायसंगत समाधान, भूमि अभिलेखों की शुद्धता और आदिवासी भूमि के संरक्षण को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी भूमि का संरक्षण उनके अधिकारों के साथ सांस्कृतिक विरासत की रक्षा भी है। सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने और ग्रामीणों की सहभागिता से विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने हड़िया में हानिकारक केमिकल के प्रयोग पर रोक लगाने, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक पोषण योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध पारंपरिक व्यवस्थाओं और ग्राम स्तरीय स्वशासन प्रणाली से जुड़ी है। इन व्यवस्थाओं के संरक्षकों का सम्मान राज्य की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का प्रतीक है।

उन्होंने ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासनिक स्तर पर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story