क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विद्यानगर विकास समिति का गठन

WhatsApp Channel Join Now
क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विद्यानगर विकास समिति का गठन


रामगढ़, 21 मई (हि.स.)। शहर के विद्यानगर क्षेत्र में लगातार बिगड़ती मूलभूत सुविधाओं और बिजली संकट को लेकर स्थानीय लोगों ने अब संगठित पहल शुरू कर दी है। गुरुवार की शाम काे राम कुमार साहू के आवास पर क्षेत्र के लोगों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें सर्वसम्मति से विद्यानगर विकास समिति का गठन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता राम कुमार साहू ने की, जबकि संचालन ओपी शर्मा ने किया। बैठक में बताया गया कि पिछले सप्ताह विद्यानगर का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। विभाग की ओर से नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन चार्ज होने के मात्र 10 मिनट के बाद ही वह ब्लास्ट कर गया। इसके बाद पूरा इलाका फिर अंधेरे में डूब गया। लगातार बिजली संकट से नाराज लोगों के दबाव के बाद विभाग ने इमरजेंसी ट्रॉली ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया, जिससे फिलहाल बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। स्थानीय लोगों ने कहा कि बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई, पानी की व्यवस्था और व्यवसाय तक प्रभावित हो रहे हैं।

बैठक में केवल बिजली समस्या ही नहीं, बल्कि विद्यानगर की अन्य बुनियादी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्र में पेयजल संकट, जर्जर मुख्य सड़क, गलियों की खराब स्थिति, जाम नालों, साफ-सफाई की कमी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि संगठित प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। इसी उद्देश्य से विकास समिति बनाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से विद्यानगर विकास समिति के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। समिति के संरक्षक के रूप में आर प्रसाद, अध्यक्ष के रूप में संतोष प्रसाद, सचिव के रूप में ओपी शर्मा तथा कोषाध्यक्ष के रूप में सरयू प्रसाद को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों में निखिल कुमार गुप्ता, बिभास घोष, सुरेश प्रसाद, गगन पाठक, मनोज कुशवाहा, सपन दा, महेश प्रसाद सिन्हा, चंदन तिवारी, अबनी प्रसाद साव, सुब्रतो, नरेंद्र कुमार, नवीन शर्मा, के के सिंह, कमलेश कुमार, बिपिन कुमार, राम कुमार साहू एवं प्रवीण कुमार के नामों को मंजूरी दी गई।

समिति के सचिव चुने गए ओपी शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सभी लोगों का एकजुट रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समिति प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से क्षेत्र की समस्याओं को रखेगी और समाधान के लिए लगातार प्रयास करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story