रोटरी क्लब की ओर से बने जल मंदिर का कुलपति ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
रोटरी क्लब की ओर से बने जल मंदिर का कुलपति ने किया उद्घाटन


रांची, 11 जून (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय परिसर स्थित सुभाष चौक के निकट रोटरी क्लब ऑफ रांची की ओर से बने स्थायी पेयजल केंद्र जल मंदिर का उद्घाटन रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो (डॉ) सरोज शर्मा ने गुरुवार को किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो (डॉ) सरोज शर्मा ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल और पेयजल के दानदाता रमेश धरणीधारका एवं क्लब के सभी सदस्यों को इस उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए बधाई दी।

रोटरी क्लब ऑफ रांची के निदेशक और पेयजल के दान दाता रोटेरियन रमेश धरणीधारका ने बताया कि यह जल मंदिर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसके लिए 450 फीट गहरा समर्पित बोरवेल कराया गया है। जल आपूर्ति के लिए सोलर पैनल प्रणाली और सबमर्सिबल पंप लगाया गया है। साथ ही शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर प्यूरिफायर एवं वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस जल मंदिर की विशेषता यह है कि इसमें स्वचालित जल भराव प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे इसके संचालन के लिए प्रतिदिन किसी अतिरिक्त मानव संसाधन की आवश्यकता नहीं होगी।

यह सुविधा विश्वविद्यालय परिसर के अंदर विद्यार्थियों और कर्मचारियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले आम नागरिकों को भी समान रूप से लाभान्वित करेगी। इस जनोपयोगी परियोजना का पूरा रखरखाव भी रोटरी क्लब की ओर से किया जाएगा।

कार्यक्रम में रांची यूनिवर्सिटी के डॉ पीके झा, कुलसचिव जीसी साहू, डॉ स्मृति सिंह, डॉ दिलीप प्रसाद, संजय कुमार, डॉ अजय लाकड़ा, अजय कुमार, डॉ किशोर सुरीन, नवीन चंचल, अर्जुन राम ,रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, शशांक धरणीधारका, मुदित धरणीधारका सहित अन्य पदाधिकारी, सदस्य, विश्वविद्यालय के अधिकारी, विद्यार्थी सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story