धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता के लिए सत्संग को बढ़ावा दें विहिप कार्यकर्ता : अरुण नेटके

WhatsApp Channel Join Now
धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता के लिए सत्संग को बढ़ावा दें विहिप कार्यकर्ता : अरुण नेटके


- विश्व हिन्दू परिषद की रांची विभाग बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा- कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समयबद्धता और सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान

रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केंद्रीय सहमंत्री अरुण नेटके ने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह सत्संग को बढ़ावा देने के साथ समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। सत्संग के माध्यम से समाज में आपसी समन्वय, संस्कार और संगठन के प्रति जागरूकता को मजबूत किया जा सकता है।

अरुण नेटके बुधवार को रांची एयरपोर्ट के समीप स्थित एक होटल में आयोजित विश्व हिन्दू परिषद की रांची विभाग बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के दायित्वों, सत्संग के महत्व और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने का आह्वान किया। साथ ही संगठन के विस्तार और निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।

अरुण नेटके विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय सहमंत्री होने के साथ अखिल भारतीय मंदिर एवं अर्चक-पुरोहित संपर्क प्रमुख तथा धर्मयात्रा महासंघ के अखिल भारतीय सहप्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं।

बैठक में रांची विभाग के अंतर्गत क्षेत्र, प्रांत और विभाग स्तर के पदाधिकारियों के अलावा जिला समितियों के प्रतिनिधि, विभिन्न आयामों के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, मंत्री और बजरंग दल के संयोजक शामिल हुए। इस दौरान संगठन के कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में हितचिंतक अभियान के निर्धारित प्रपत्र को पूर्ण रूप से भरकर जमा करने तथा संबंधित पदाधिकारियों को अद्यतन कार्यवृत्त प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक कार्यों में समयबद्धता, अनुशासन और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।

इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, प्रांत मातृशक्ति प्रमुख अनिमा पाण्डेय, प्रांत दुर्गावाहिनी प्रमुख कृति गौरव, प्रांत सेवा सहप्रमुख अशोक अग्रवाल, प्रांत विद्यालय संपर्क प्रमुख अमर प्रसाद और रांची विभाग मंत्री रवि शंकर सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story